हरियाणा के यमुनानगर जिले में इन दिनों गैस सिलेंडरों की किल्लत देखने को मिल रही है। घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार सुबह से ही शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। वहीं कुछ स्थानों पर सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडर 1500 रुपये तक और कॉमर्शियल सिलेंडर 2500 से 4000 रुपये तक ब्लैक में बिकने की चर्चाएं हैं। इस कारण आम लोगों के साथ-साथ होटल और ढाबा संचालक भी चिंता में हैं। इसी बीच यमुनानगर की अमृत गैस एजेंसी के बाहर एक भावुक दृश्य देखने को मिला। रनजीत गली निवासी प्रभजोत कौर सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंची थीं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इस पर वह एजेंसी के बाहर ही फूट-फूटकर रोने लगीं। प्रभजोत कौर ने बताया, “हमारे घर का गैस सिलेंडर एक सप्ताह पहले खत्म हो चुका है। बुकिंग करने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन सर्वर नहीं चल रहा। घर में दो छोटे बच्चे हैं और दोनों बीमार हैं। मजबूरी में हमें एक हफ्ते से गुरुद्वारे में जाकर खाना खाना पड़ रहा है।” उन्होंने बताया कि उनके पति दुबई में काम करते हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हें अकेले संभालनी पड़ती है।