फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर: अवैध खनन व पत्रकारों पर हमले के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

शाहिल शर्मा Updated Mon, 16 Mar 2026 12:31 PM IST

प्रताप नगर क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन और 1 मार्च को दो पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में सोमवार को भीम आर्मी संगठन सहित कई सामाजिक संगठनों ने जगाधरी की अनाज मंडी गेट पर एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रताप नगर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का काम खुलेआम चल रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खनन माफिया राजनीतिक संरक्षण के कारण बेखौफ होकर काम कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि 1 मार्च को अवैध खनन की खबर कवरेज करने गए दो पत्रकारों पर हमला किया गया था। इस मामले में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज तो कर लिया है, लेकिन अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अगर जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर प्रदर्शन और धरना दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भीम आर्मी और अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि पत्रकारों पर हमला करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और प्रताप नगर क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाई जाए।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें