यमुनानगर में अस्पताल निर्माण से संबंधित एनओसी जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदूषण नियंत्रण विभाग में तैनात महिला क्लर्क को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने मंगलवार शाम को क्लर्क दिव्या को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार जिला करनाल के गांव घरौंदा निवासी रिंकू यमुनानगर शहर के रेलवे रोड पर प्रभु अस्पताल का निर्माण कर रहा है। अस्पताल निर्माण के लिए प्रदूषण नियंत्रण विभाग से एनओसी अनिवार्य थी, जिसके लिए रिंकू ने विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले क्लर्क दिव्या ने 30 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की और फाइल आगे बढ़ाने का दबाव बनाया।