यमुनानगर। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला शुक्रवार को यमुनानगर स्थित इनेलो कार्यालय पहुंचे। यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने हांसी के डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। चौटाला ने कहा कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो इनेलो सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी। अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जीवन कुंडू हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल में मौत से पहले युवक द्वारा कथित तौर पर हमलावरों के संबंध में बयान दिए जाने के बावजूद पूरी कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार हत्याकांड का एक मुख्य आरोपी विधायक के परिवार से जुड़ा है और उसे राजनीतिक संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को लेकर चौटाला ने कहा कि यह प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संकेत है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता दोनों दलों से परेशान हो चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 27 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती पर आयोजित होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता द्वारा पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले पर भी चौटाला ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें स्वतंत्र रूप से सवाल पूछने का अधिकार मिलना चाहिए। चौटाला ने कहा कि जीवन कुंडू हत्याकांड में न्याय मिलने तक इनेलो पीछे नहीं हटेगी।