सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान मिशन वात्सल्य के तहत पॉक्सो एक्ट और बाल संरक्षण विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। शिविर का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज पारीक के नेतृत्व में किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से आयोजित कार्यशाला में करीब 600 एनसीसी कैडेट्स को किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकार, चाइल्ड हेल्पलाइन और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला बाल संरक्षण इकाई के लीगल अधिकारी रंजन शर्मा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण की तरह बाल संरक्षण भी अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने बताया कि बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए जागरूकता आवश्यक है और मिशन वात्सल्य बच्चों के लिए एक मजबूत संरक्षण तंत्र के रूप में कार्य कर रहा है। एनसीसी कैडेट्स वालंटियर बनकर इस तंत्र को और सशक्त करेंगे।