सीए बनकर पिता का सपना पूरा न कर पाने से आहत होकर चरखी दादरी शहर के झज्जर घाटी क्षेत्र निवासी भूमिका ने घर पर फंदा लगा लिया। माता-पिता के नाम उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें लिखा की सॉरी पापा, जो आप चाहते हैं वो मैं नहीं कर पा रही। इसलिए फंदा लगाकर आत्महत्या कर रही हूं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका भूमिका (19) सीए की पढ़ाई कर रही थी। परीक्षा के तनाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली। मंगलवार शाम सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर देर शाम सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। वहीं, पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया। बुधवार दोपहर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतका का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।