कलायत के बिजली निगम कार्यालय के रिश्वत मामले में गिरफ्तार लिपिक गुलाब सिंह का रिश्वत मांगते हुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में सामने आया है कि लिपिक एक उपभोक्ता से बिजली कनेक्शन दोबारा शुरू कराने के एवज में 55 हजार रुपये की मांग कर रहा है। इसमें यह भी सुनाई दे रहा है कि क्लर्क उस उपभोक्ता से कार्यालय आकर बात करने को कह रहा है। मोबाइल पर वह बात नहीं करेगा। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। दरअसल, इस मामले में जींद की एसीबी ने शुक्रवार शाम के समय लिपिक गुलाब व कैशियर हैप्पी को गिरफ्तार किया था। मामले में दोनों आरोपियों को शनिवार दोपहर के समय अदालत में पेश किया गया, लेकिन अदालत ने कैशियर हैप्पी को केस का गवाह बनाते हुए रिहा कर दिया था। जबकि आरोपी गुलाब सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद संभावना जताई जा रही है कि इसने कई ग्राहकों से रिश्वत ली होगी।