विभिन्न संगठनों ने निकाला पैदल मार्च, ज्ञापन सौंपकर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और पेपर लीक आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग संवाद न्यूज, एजेंसी कैथल। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को कैथल में विभिन्न किसान, छात्र, सामाजिक संगठनों, आंगनबाड़ी और आशा वर्करों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा पेपर लीक के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी सुबह करीब नौ बजे हनुमान वाटिका में एकत्रित होने शुरू हुए। साढ़े दस बजे सभी संगठनों ने हनुमान वाटिका से लघु सचिवालय तक पैदल रोष मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने लघु सचिवालय पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन एसपी मनप्रीत सिंह सूदन को सौंपा। उधर, इनेलो पार्टी की ओर से जवाहर पार्क में बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने तहसीलदार रविंद्र हुड्डा को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुबह से ही लघु सचिवालय के मुख्य द्वार सहित संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन और डीएसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे, जिससे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ------- प्रदर्शन के दौरान लघु सचिवालय गेट पर एक छात्रा दिल्ली में हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए भावुक हो गई। वहीं जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने भी बार रूम के बाहर सांकेतिक धरना देकर छात्रों के समर्थन में अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को श्वेता ढुल, किसान नेता दीप बाले, महाबीर चहल, होशियार गिल, सतपाल दिल्लों सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।