पूंडरी(कैथल)। देश में मशहूर फिरनी की बात की जाए तो यह हल्का फीका मिष्ठान पूंडरी के नाम को पूरे विश्व में कर रहा है। पूंडरी की फिरनी जिसके स्वाद के अंग्रेज भी एक समय कायल हुआ करते थे। “पूंडरी की मशहूर फिरनी” यही वो स्लोगन है, जिसे पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के दुकानदार अपनी दुकान पर लगाकर इस मिठाई को बेचता है। सावन का महीना आते ही पूंडरी शहर का नाम लेने से ही फिरनी का स्वाद याद आने लगता है। कहा जाता है की लगभग 90 वर्षों से यहां के कारीगर फिरनी बना रहे हैं। कारीगरों व कृष्ण सैनी हलवाई का कहना है कि शुरुआत में एक-दो दुकानों में ही यह मिठाई बनाई जाती थी। लोगों का क्रेज देखकर धीरे-धीरे इसका कारोबार बढ़ता गया। बताया कि यहां का पानी इस मिठाई को ख़ास बनाता है।आज हरियाणा के कई शहरों से व्यापारी यहां से फिरनी खरीदकर अपने शहरों में बेचते हैं।