डीसी अपराजिता ने बुधवार को गांव सजूमा का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने गांव में स्वास्थ्य केंद्र एवं नहरी पानी परियोजना स्थल का दौरा किया। वहीं गांव में हुई लड़की की मृत्यु पर घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। डीसी ने गांव वासियों की समस्याएं सुनीं। गांव वासियों की मांग पर गांव में नहरी पानी आपूर्ति की संकरी पाइप को बदला जाएगा। साथ ही गांव के अंदर भी पेयजल पाइप लाइन की जांच की जाएगी। साथ ही गांव को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एस्टीमेट तैयार करके टेंडर लगवाएं और कार्य शुरू करवाएं। गांव वासियों की मांग पर भाखड़ा से भी पानी लाने की फिजिबिलिटी चैक की जाएगी। उन्होंने गांव के बंद पड़े आरओ प्लांट को भी जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि गांव में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जहां भी पेयजल आपूर्ति में लीकेज आदि के कारण दिक्कत आई है, उसे दुरुस्त किया जा रहा है। इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार, जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता कृष्ण कुमार गिल, सीएमओ डॉ. रेणू चावला, कार्यकारी अभियंता जगदीप दलाल मौजूद रहे। डीसी अपराजिता बुधवार को सबसे पहले स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचीं, जहां सिविल सर्जन व अन्य डॉक्टरों की टीम से फीडबैक ली। अधिकारियों ने बताया कि गांव में अभी तक 109 सैंपल किए गए हैं, जिसमें हेपेटाइटिस-ए के 33 और टाइफाइड के 12 मामलों की पुष्टि हुई है। सभी जरूरी टेस्टों की सुविधा उपलब्ध है। ग्रामीणों की सुरक्षा और त्वरित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सजुमा गांव में 24 घंटे स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए गांव में एम्बुलेंस (एम्बुलेंस) सेवा को भी चौबीसों घंटे तैनात रखा गया है ताकि किसी भी मरीज को तुरंत उच्च स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जा सके। यहां लैब में 24 घंटे टेस्टिंग सुविधा दी गई है। डीसी अपराजिता जन स्वास्थ्य विभाग के पेयजल बूस्टर पर पहुंची, जहां अधिकारीगण व ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने डीसी को नहरी पानी की संकरी पाइपलाइन, गांव की खराब पाइपलाइनों, भाखड़ा से पेयजल आपूर्ति, बंद पड़े आरओ प्लांट जैसी समस्याएं बताईं। डीसी ने सभी की समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। सभी अधिकारी समय-समय पर फील्ड का दौरा करें। गांव में जनस्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा कार्य में लापरवाही की शिकायत पर डीसी ने एसडीएम संजय कुमार को निर्देश दिए कि वे शिकायत अनुसार जांच करें।