गणतंत्र दिवस नजदीक आते ही जिले के बाजारों में देशभक्ति का रंग साफ नजर आने लगा है। शहर के मुख्य बाजार, तलाई बाजार, अंबाला रोड और कैथल-करनाल रोड क्षेत्र में तिरंगे झंडों, देशभक्ति से जुड़ी स्टेशनरी के सामानों की खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ नजर आ रही है। इसके अलावा फैंसी ड्रेस की दुकानों पर भी पहले से ही बुकिंग होने लगी है। हर दुकान पर राष्ट्रप्रेम की झलक दिख रही है, जिससे बाजार की रौनक कई गुना बढ़ गई है। इस बार खास बात यह है कि छोटे बच्चों और आम लोगों को ध्यान में रखते हुए 10 रुपये से शुरू होने वाले छोटे तिरंगे झंडे बाजार में उपलब्ध हैं। इसके अलावा 20, 50 और 100 रुपये तक के बड़े झंडे भी खूब बिक रहे हैं। दुकानों पर प्लास्टिक और कपड़े के तिरंगे, डंडे वाले झंडे, टेबल फ्लैग और कार में लगाने वाले झंडे लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। साथ ही लोग गालों और हाथों पर लगाने के लिए टैटू भी खरीद रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि यह टैटू महज 24 घंटे में पानी से धोने पर उतर जाता है। स्टेशनरी की दुकानों पर भी देशभक्ति से जुड़ी वस्तुओं की भरमार है। तिरंगे रंग के कवर वाली कॉपियां, पेन, बैज, रिबन, स्टिकर और झंडे वाली कैप बच्चों की पहली पसंद बनी हुई हैं। स्कूलों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परेड को लेकर अभिभावक बच्चों के लिए यह सामान खरीदने पहुंच रहे हैं।