जिला फरीदाबाद के मुजेसर क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग व हुए विस्फोट के दौरान बहादुरी से ड्यूटी निभाते हुए पीएसआई रवि कुमार कश्यप शहीद हो गए। वह मूल रूप से जिला कैथल के गांव क्योड़क के रहने वाले थे और उनकी तैनाती मुजेसर थाना में थी। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया की 16 फरवरी को मुजेसर स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलने पर ड्यूटी ऑफिसर होने के नाते पीएसआई रवि कुमार कश्यप बिना देरी किए सबसे पहले मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए राहत कार्य शुरू करवाया। इसी दौरान अचानक आग ने विस्फोट का रूप ले लिया, जिससे कई लोग झुलस गए। लोगों को बचाने के प्रयास में पीएसआई रवि कुमार भी गंभीर रूप से झुलस गए। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 फरवरी को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को शहीद पीएसआई रवि कुमार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव क्योड़क में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। फरीदाबाद से पहुंचे सलामी गार्ड द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप सलामी दी गई। इस अवसर पर डीसीपी मुख्यालय अभिषेक जोरवाल, फरीदाबाद से वेलफेयर इंस्पेक्टर सुशीला, सीडीआई अशोक, कैथल से डीएसपी सुशील प्रकाश, वेलफेयर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश, एसएचओ सदर इंस्पेक्टर रमेश, क्योड़क चौकी इंचार्ज एएसआई मोहन सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीद को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परिजनों व ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।