इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) पार्टी ने हरियाणा के किसानों के हितों की रक्षा को लेकर आज कैथल में प्रदर्शन किया। बाढ़ और जलभराव के कारण खरीफ की फसलों को हुए भारी नुकसान, पशुओं की मौत, खाद की किल्लत, एमएसपी पर धांधली और मुआवजा न मिलने के विरोध में इनेलो कार्यकर्ताओं ने चौधरी रामपाल माजरा के नेतृत्व में जवाहर पार्क से लघु सचिवालय तक एक विशाल रोष मार्च निकाला। इस प्रदर्शन में सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टरों, जेसीबी मशीनों और झंडों के साथ भाग लिया। पूरे रास्ते किसान किसानों को न्याय दो, खराबे का मुआवजा दो, डीएपी-यूरिया की किल्लत दूर करो, एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करो जैसे नारे लगाते रहे। भीड़ इतनी विशाल थी कि कैथल शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया।