इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने हिसार के सांसद जयप्रकाश को लेकर उनके बुजुर्ग होने की बात की है। उन्होंने कहा सांसद को बोलने के बारे में पता नहीं है। भगवान उनको सद्बुद्धि दे। ओपी चौटाला ने जयप्रकाश को राजनीति सिखाई। उनकी उंगली पकड़ कर राजनीति करना सीखे। ऐसे में उनको सही तरीके से बात करनी चाहिए। अभय सिंह चौटाला रविवार को कैथल में पार्टी कार्यकर्ताओं को ताऊ देवीलाल जयंती का निमंत्रण देने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि, यह कार्यक्रम रोहतक में 25 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से इनेलो के कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि बीते माह उन्होंने कैथल में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की थी। जिसमें फैसला लिया गया था कि ताऊ देवीलाल का जन्मदिन इस बार रोहतक में मनाया जाएगा। इस बारे में रोहतक की पार्टी यूनिट ने मांग की थी।