कैथल में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बीकानेर से चंडीगढ़ जा रही एक यात्री बस के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे करीब 2 हजार किलो नकली मावा को तितरम मोड़ पर पकड़ लिया गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर रात के समय की गई, जिसमें बस ड्राइवर और कंडक्टर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। विभाग ने मावा जब्त कर नष्ट कर दिया, जबकि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार, देर रात हिसार की ओर से आ रही इस बस को फूड सेफ्टी अधिकारियों ने तितरम मोड़ पर रोक लिया। तलाशी के दौरान बस के लगेज एरिया (सामान रखने वाले स्थान) में 100 टीनों में पैक नकली मावा छिपा मिला। यात्रियों को इसकी भनक तक नहीं लगी थी, क्योंकि मावा को इतनी सफाई से छुपाया गया था कि कोई शक न हो। प्राथमिक जांच में मावा पूरी तरह नकली पाया गया, जिसमें मिल्क पाउडर, रिफाइंड तेल या अन्य मिलावटी पदार्थों का इस्तेमाल होने का संदेह है। ड्राइवर रामरत्न ने पूछताछ में कबूल किया, "हम बीकानेर से चंडीगढ़ बस चला रहे थे। बस में मावा लादा गया था। हमें पार्टी का नाम नहीं पता, लेकिन फोन नंबर देकर बताया गया था कि यह कहां पहुंचाना है। हिसार में कुछ टीन उतार चुके थे, बाकी कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में उतारने थे।" जब ड्राइवर से खरीद बिल और लाइसेंस मांगे गए, तो वह दिखा नहीं सका। विभाग को शक है कि यह मावा बीकानेर से हरियाणा के विभिन्न जिलों में मिठाई दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था।फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. पवन चहल ने बताया, "हमें गुप्त सूचना मिली थी कि बीकानेर से नकली मावा हरियाणा में सप्लाई किया जा रहा है, जिसमें कुरुक्षेत्र, हिसार, कैथल और अंबाला शामिल हैं। रात करीब 3 बजे हमने नाका लगाया और बस को पकड़ लिया। मावा जब्त कर नष्ट कर दिया गया है, सैंपल लैब भेजे गए हैं। ड्राइवर-कंडक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है।"पुलिस और विभाग की कार्रवाईकार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस को बुलाया गया, जिसने ड्राइवर रामरत्न और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया।