दादरी जिला न्यायिक परिसर में वकालत कर रहीं महिला अधिवक्ताओं ने दैनिक कामकाज में और अधिक सुधार के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है। महिला अधिवक्ताओं को डाक घर, एटीएम, चिकित्सा सुविधा व महिला विश्राम गृह जैसी सुविधाओं की कमी खल रही हैं। महिला अधिवक्ताओं का कहना है कि समय के अभाव के बावजूद उन्हें पत्राचार व अन्य सुविधाओं के लिए दूरदराज के बाजारों में जाना पड़ता है। जिससे उनके समय की अधिक बर्बादी होती है। बता दें कि मौजूदा समय में दादरी न्यायिक परिसर में 100 से अधिक महिला अधिवक्ता वकालत कर रही हैं। महिला अधिवक्ताओं को पत्राचार करने के लिए पुरानी अनाज मंडी के समीप स्थित डाक घर में जाना पड़ता है। जिससे महिला अधिवक्ताओं को कोर्ट से संबंधित अन्य कार्य निपटाने में देरी हो जाती हैं। महिला अधिवक्ताओं ने महिलाओं के लिए अलग से विश्राम गृह बनाने की मांग भी उठाई है। उन्होंने कहा कि चैंबर में महिलाओं के लिए आराम करना काफी मुश्किल हो जाता है।