चरखी-दादरी के गांव मकड़ाना में शुक्रवार रात को एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका रितु (22) की छह माह पहले झज्जर जिला के गांव मांगवास से मकड़ाना में शादी हुई थी। अब चिड़िया चौकी पुलिस ने मृतका के मामा के बयान पर आरोपी पति, सास व ननद पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मामा संजय ने बताया कि रितु दो बहनें थी और वे मूल रूप से झज्जर जिला के कासनी सुरहेती की निवासी हैं जबकि वह बचपन से वह अपने मामा मांगावास में रहती थी। अब छह माह पहले ही मामा ने रितु की शादी मकड़ाना निवासी सोनू के साथ कराई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सास, पति व ननद रितु को कम दहेज का ताना दे रहे थे। इसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी और अपने परिजनों को इसका कारण बताया था। परिजनों की ओर से ससुराल पक्ष को समझाया गया, लेकिन उनकी समझ में नहीं आया। अब कुछ दिनों से ससुराल पक्ष ने काफी परेशान किया है और इसके चलते ही रितु ने यह कदम उठाया है। शुक्रवार रात को रितु चौबारे में जाकर सो गई जबकि अन्य सदस्य नीचे सोय हुए थे। इसी दौरान देर रात को रितु ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह रितु नहीं उठी तो परिजन कमरे में गए। यहां पर रितु ने पंखे पर चुन्नी का फंदा लगाया हुआ था। बाद में ससुर अत्तर सिंह ने पुलिस को सूचना दी और चिड़िया चौकी से टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। बाद में शव को दादरी नागरिक अस्पताल में लाया गया। यहां पर पुलिस ने मृतका के मामा संजय के बयान पर तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम कराकर सौंप दिया। अधिकारी के अनुसार सूचना मिलने पर मौका मुआयना किया गया और मौके से साक्ष्य भी एकत्र किए। मृतका के मामा के बयान पर पति, सास व ननद पर केस दर्ज कर लिया है। अब मामले की गहनता से जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। -अजीत सिंह, जांच अधिकारी व एसआई, चिड़िया पुलिस चौकी।