दादरी के रोहतक रोड पर स्थित उद्योगों का संचालन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रहा है। संकरी गलियों और भारी वाहनों के आवागमन में हो रही असुविधा के कारण स्थानीय उद्यमियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर रोहतक रोड मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन ने सरकार से दादरी में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि रोहतक रोड पर वर्तमान में एचडीपीई पाइप, एंपुल, सीमेंट पाइप और वायर ड्राइंग जैसे दो दर्जन से अधिक उद्योग संचालित हैं। इन इकाइयों में कच्चा माल लाने के लिए भारी वाहनों का उपयोग होता है। लेकिन गलियों की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण ये वाहन फैक्ट्री के गेट तक नहीं पहुंच पाते। मजबूरन, उद्यमियों को कच्चा माल मुख्य सड़क पर ही अनलोड करना पड़ता है। वहां से छोटे वाहनों या लेबर के जरिए माल को फैक्ट्री तक पहुंचाने में अतिरिक्त समय और पैसा खर्च होता है, जिससे उत्पादन लागत बढ़ रही है।