चरखी-दादरी स्थित नागरिक अस्पताल में मंगलवार को महिलाओं की पर्ची काटकर परिवार नियोजन ऑपरेशन के लिए मना कर दिया। करीब दो घंटे से परेशान महिलाओं ने आशा वर्कर को जानकारी तो ऑपरेशन थिएटर के बाहर हंगामा मच गया। बता दें हर मंगलवार व वीरवार को नागरिक अस्पताल में परिवार नियोजन के लिए महिला व पुरुषों के ऑपरेशन किए जाते हैं। हर दिन 30 से 50 महिलाएं नगारिक अस्पताल में पहुंचती हैं। मंगलवार को आशा वर्कर के साथ विभिन्न गांवों से 41 महिलाएं दादरी नागरिक अस्पताल में पहुंची। यहां पर सभी ने पर्ची बनवाई और जब ऑपरेशन थिएटर में पहुंची तो सर्जन न होने का हवाला देकर ऑपरेशन मना कर दिया। इसके बाद कुछ कार्यकारी प्रभारी वेदपाल के पास जाकर पूछताछ की तो उन्होंने चार्ज से मना कर दिया। इससे गुस्सा होकर महिलाओं ने आशा को को एकत्र किया और बाद में उन्होंने ऑपरेशन थिएटर के बाहर जमकर हंगामा किया। आशा वर्कर जिला प्रधान कमलेश भैरवी ने बताया कि सभी आशा वर्कर गांंवों में जाकर महिलाओं को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करती हैं। जब अस्पताल में आती है तो उन्हें बिना ऑपरेशन के ही खाली हाथ लौटा दिया जाता है। इससे वे अन्य जिलों में जाती हैं तो वहां पर भी ऑपरेशन नहीं हो पाता है। निजी अस्पताल में करवाती हैं तो एक मरीज पर 10 हजार रुपये खर्च आता है जबकि नागरिक अस्पताल में यह सुविधा निशुल्क रहती है। उनका कहना है कि 6 माह से काफी गंभीर समस्या बनी है। पहले सीएचसी स्तर पर लगने वाल शिविर भी अब बंद हो चुके हैं। सभी जिलों में यह ऑपरेशन की सुविधा प्रतिदिन रहती है, लेकिन दादरी में सप्ताह में केवल दो दिन ही रहती है। उन्होंने प्रशासन से समस्या पर संज्ञान लेकर प्रतिदिन ऑपरेशन सुविधा प्रदान करने की मांग की।