मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने बुधवार शाम झोझूकलां गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया। उपायुक्त मुनीश शर्मा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक व व्यक्तिगत 47 समस्याएं सुनीं और 7 का मौके पर समाधान किया। वहीं, 40 मामलाें में त्वरित कार्रवाई करने का आदेश अधिकारियों को दिया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने नागरिकों से कहा कि सरकार जनसेवा में समर्पित होकर कार्य कर रही है। समाधान शिविर के साथ ही लोगों के घर द्वार जाकर समस्या की सुनवाई करने के उद्देश्य से रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत प्रशासन गांवों में पहुंच रहा है। जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है।