जिले में सर्द मौसम के साथ धुंध का प्रकोप शुरू हो गया है। सोमवार सुबह से घनी धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी घटकर महज 10 मीटर तक रह गई। हालात ऐसे रहे कि दोपहर 11 बजे के बाद भी सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाए। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। घनी धुंध का सीधा असर जनजीवन पर देखने को मिला। जिले के मुख्य सड़क मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए। खासकर बस स्टैंड और हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। रोडवेज और निजी बसें 15 मिनट से लेकर आधा घंटा तक देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचीं। निजी वाहन चालक भी हेडलाइट और फॉग लाइट के सहारे धीमी गति से चलते दिखे। हालांकि, यह धुंध किसानों के लिए राहत लेकर आई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार सरसों और गेहूं की फसलों को इस नमी से फायदा होगा, जिससे पैदावार बेहतर होने की उम्मीद है। प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की ओर से भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।