लगातार हुई बारिश ने शहर की सबसे पॉश एमसी कॉलोनी की तस्वीर बदल दी। जल निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण कॉलोनी की गलियां तालाब बन गईं और कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। लोगों को घरेलू सामान बचाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति से नाराज कॉलोनीवासियों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन प्रशासन अब तक पानी निकासी का कोई ठोस प्रबंध नहीं कर पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।