गांव चरखी स्थित एससीआर स्कूल मैदान में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर खंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता कराई गई। इसमें दादरी-प्रथम व द्वितीय खंड की महिलाओं ने भाग लिया। खंड स्तरीय साइकिल रेस में ममता तो 400 मीटर दौड़ में अंतिम प्रथम स्थान पर रही।बता दें कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे की गई। इसमें महिला एवं बाल विकास अधिकारी गीता सहारण मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं को एनीमिया, कन्या भ्रूण हत्या और पोषण अभियान की जानकारी दी। इसके बाद सभी को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान व कन्या भ्रूण हत्या रोकने की शपथ दिलाई। खेलकूद प्रतियोगिता के तहत 5 किलोमीटर साइकिल रेस में ममता ने प्रथम, सरोज ने द्वितीय और हेमा कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 100 मीटर दौड़ में रितू, शारदा व गीता ने क्रमश: पहले तीन स्थान हासिल किए। इसी तरह 300 मीटर दौड़ में आकांक्षा ने पहला, सोनिया ने दूसरा और निशा ने तीसरा हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में अंतिम पहले पायदान पर जबकि संगीता को दूसरा और आरजू को तीसरा स्थान हासिल हुआ। डिस्कस थ्रो में प्रथम स्थान पर कृष्णा, दूसरे स्थान पर मनीषा और तीसरे स्थान पर अनीता देवी रही। इसी तरह म्यूजिकल चेयर में अनीता विजेता रही जबकि मंजू उप विजेता और जयवंती तीसरे स्थान पर रही। अब ये सभी चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय स्पर्धा में भाग लेंगी और अपना दमखम दिखाएंगी।