दादरी शहर के सबसे व्यस्त मार्गों से शामिल स्थानीय तहसील रोड पर भगवान परशुराम चौक के समीप मैनहोल का टूटा चैंबर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। चैंबर टूटने के कारण जहां हर समय हादसों का अंदेशा बना रहता है, वहीं वाहनों का आवागमन अधिक होने के कारण कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। हैरानी की बात यह है कि तहसील रोड से ही हर रोज जिले के आला अधिकारी लघु सचिवालय तक आवागमन करते हैं। उसके बावजूद पिछले कुछ दिनों से टूटे चैंबर की तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। आसपास के दुकानदारों ने ही अपने स्तर पर इस चैंबर में एक डंडा लगाकर उस पर लाल कपड़ा बांधा है। ताकि दूर से ही वाहन चालक इसे देखकर हादसे से बचाव कर सकें। स्थानीय लोगों व वाहन चालकों ने प्रशासन से तुरंत प्रभाव से इस चैंबर को दुरुस्त करवाने की मांग की है, ताकि समय रहते बड़ा हादसा होने से बचाया जा सके।