समसपुर-बिरोहड़ रोड पर कालियावास गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार भागवी गांव निवासी प्रदीप (27) की मौके पर मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने वीरवार सुबह दादरी नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया और मृतक के चाचा रोहताश के बयान पर आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस को दिए बयान में रोहताश ने बताया कि उसके भाई प्रेमसिंह व भाभी सुमन देवी की पहले मौत हो चुकी है। हादसे में दम तोड़ने वाले प्रदीप उनका इकलौता बेटा था। प्रदीप के साढ़े तीन साल की बेटी है। घर पर प्रदीप अपनी पत्नी माधवी व बेटी के साथ रहता था। रोहताश ने बताया कि उसका भतीजा प्रदीप हलवाई था और बुधवार को वो काम के लिए दादरी आया था। देर रात करीब एक बजे वो काम निपटाकर बाइक पर सवार होकर दादरी से भागवी के लिए चला था। जब वो समसपुर- बिरोहड़ रोड स्थित पहले पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त कार को मौके पर छोड़कर आरोपी चालक फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि मृतक के चाचा के बयान पर आरोपी चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।