दादरी की धार्मिक संस्था सांवरिया मित्र मंडल के तत्वावधान में स्थानीय पुरानी अनाज मंडी में आयोजित चार दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार रात को एक शाम सांवरिया के नाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में जयपुर से आई साक्षी अग्रवाल और इंदौर से आए शिवम रावल ने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं फाल्गुन की धमाल पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। भजन संध्या के दौरान मंच संचालन सोनू शिवरंजनी ने किया। सोनू शिवरंजनी सहित अन्य कलाकारों ने भजनों के माध्यम से प्रभु श्री श्याम की महिमा का गुणगान किया। मंडल के संरक्षक अर्जुन लाल भगत, विनोद गुप्ता, रामअवतार सर्राफ, गौरीशंकर हड़ौदिया, मुकेश गर्ग, प्रधान राजकुमार मित्तल, महासचिव पार्षद नवीन बिंदल, प्रेस सचिव शिवकुमार जिंदल आदि ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों व श्रद्धालुओं का स्वागत किया। प्रभु श्री श्याम की आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।