सोनीपत के गांव जटवाड़ा में बुजुर्ग महिला संतोष की लूट के बाद हुई निर्मम हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सोनीपत डीसीपी कुशलपाल सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच 1 की टीम ने इस जघन्य हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस खुलासे में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्यारे कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि उच्च शिक्षित और अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखने वाले युवक हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकित और विक्रांत के रूप में हुई है, जो गांव जटवाड़ा के ही रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आपस में गहरे दोस्त हैं और संभ्रांत परिवारों से संबंध रखते हैं। शिक्षा की बात करें तो विक्रांत ने वकालत (लॉ) की पढ़ाई की हुई है, जबकि दूसरा आरोपी अंकित बीटेक पास है और वर्तमान में गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत है।