हरियाणा में जेलों के अंदर गैंगस्टर कल्चर पर पूरी तरह अंकुश लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। कारागार महानिदेशक आलोक कुमार राय ने स्पष्ट किया कि अब जेलों में बंद कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों को कोई विशेष सुविधा नहीं मिलेगी। उन्हें सामान्य कैदियों की तरह रहना होगा और जेल की साफ-सफाई व रखरखाव के कार्यों में हिस्सा लेना होगा। आलोक राय ने कहा कि गैंगस्टरों का ग्लैमरस लुक, महंगे कपड़े और आरामदायक जीवनशैली युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित कर रही है। इसे रोकने के लिए जेलों में उनके वास्तविक जीवन को जनता के सामने लाया जाएगा, ताकि युवा गैंगस्टर संस्कृति की सच्चाई समझ सकें। उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रिजन रूल्स 2022 के तहत सभी जेल अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि गैंगस्टर अन्य कैदियों पर दबदबा या भय न बना सकें।