भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने अपनी मांगों को लेकर ताऊ देवी लाल चौक से लेकर जिला सचिवालय तक ट्रैक्टर मार्च निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। गांव सोहाना के समीप निर्माणाधीन करनाल रिंग रोड के दोनों ओर सर्विस लेन न बनाए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों का शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना पिछले लगभग एक महीने से लगातार जारी है। किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन करनाल एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकार आंदोलन को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। भाकियू प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने बताया कि प्रशासन को आज के विरोध प्रदर्शन के बारे में पहले से ही चेतावनी दी गई थी। किसानों ने ताऊ देवीलाल चौक से दोपहर 12 बजे ट्रैक्टर परेड निकाली और करीब एक बजे जिला सचिवालय पहुंचे। यहां पर किसानों ने उपायुक्त उत्तम सिंह से मिलने की मांग की जिसके बाद प्रशासन के अधिकारियों ने उनको मिलने से रोका और कहा की आप अपनी मांगें हमें बता दे , जिसके बाद सभी किसान जिला सचिवालय के बाहर ही बैठ गए और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की।