गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान भले ही अभी नहीं हुआ हो, लेकिन राजनीतिक दलों की जीत-हार को लेकर सर्वे अभी से ही शुरू हो गये हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर लगभग सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। सभी राजनीतिक दल गुजरात के चुनावी समर में अपनी पूरी ताकत झोंक चुके हैं, सूबे की सियासी हलचल तेज है। एक तरफ जहां, आम आदमी पार्टी ने सत्ताधारी भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है, वहीं कांग्रेस भी खुद को मजबूत बनाने के लिए रणनीति तैयार करने में जुट गई है। इस बार चुनाव में आम आदमी पार्टी जबरदस्त तरीके से सक्रिय दिखाई दे रही है। इस बीच खबर है कि चुनाव आयोग इसी हफ्ते गुजरात के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।