आखिर वो घड़ी आ ही गई, जिसका फिल्मी फेैंस को ढाई साल से इंतजार रहा है। कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा, इससे बड़ा सवाल शायद ही हाल के दिनों का कोई रहा हो। ये इस सवाल का जवाब जानने की बेताबी ही है कि फिल्म बाहुबली 2 पूरी दुनिया में 9000 स्क्रीन्स पर एक साथ रिलीज हो रही है। सिनेमा के इतिहास की ये सबसे बड़ी रिलीज मानी जा रही है और दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता इतनी है कि लोग दो-दो हजार रुपये खर्च करके भी शुक्रवार का टिकट पाने के लिए जुगाड़ करते दिख रहे हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में बढ़ी इस उत्सुकता को कैश कराने के लिए सिनेमाघरों ने पहले ही टिकट के दाम वीकएंड के लिए बढ़ा दिए थे। पूरे एनीसीआर में एक ही आईमैक्स थिएटर है और उसकी रिक्लाइनर रो का टिकट एक हजार रुपये कीमत का है और इस हॉल समेत देश के तमाम सिनेमाघर संडे तक के लिए अभी से हाउसफुल हो चुके हैं।