फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली: सीसीटीवी फुटेज से 24 घंटे में पकड़े गए झपटमार, जेल से छूटकर कर रहे थे वारदात

पंजाबी बाग थाना पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से रूट बनाकर 24 घंटे के भीतर ही झपटमारी में शामिल दो बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आनंद पर्वत निवासी ललित और मुकुल के रूप में हुई है। ललित कुछ दिन पहले ही जेल से छुटकर आया था और स्कूटी चोरी करने के बाद साथी के साथ झपटमारी की वारदात को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना हुआ मोबाइल सहित दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि 29 जनवरी को पंजाबी बाग थाना पुलिस को बस स्टैंड में खड़ी एक महिला से फोन झपटने की शिकायत मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला ने बताया कि वह बस स्टैंड पर बस का इंतजार रही थी, तभी स्कूटी पर सवार दो अज्ञात लड़के आए और उसके हाथ से फोन छीनकर भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर थाना प्रभारी संजय दहिया के नेतृत्व में एक टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। एक फुटेज में बदमाशों का चेहरा साफ तौर पर दिख रहा था। पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए आनंद पर्वत पहुंची। जहां फोटो दिखाने पर स्थानीय लोगों ने बदमाशों की पहचान कर ली। बदमाशों के ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि मुकुल के खिलाफ आनंद पर्वत थाने में हत्या का प्रयास का मामला दर्ज है। वहीं ललित पर आनंद पर्वत थाने में दो झपटमारी के मामले दर्ज हैं। झपटमारी के एक मामले में कुछ दिन पहले ही ललित जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसके बाद उसने सराय रोहिल्ला इलाके से एक स्कूटी चोरी की। फिर अपने साथी के साथ मिलकर झपटमारी की वारदात को अंजाम देने लगा। उसने केशवपुरम और दो दिन पहले राजेंद्र नगर में झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें