नशे की लत के कारण परिवार और मालिक से निकाले गए युवक ने चोरी का रास्ता अपना लिया। द्वारका पुलिस ने दो माह में दर्जनभर घरों में चोरी करने वाले संजीत कुमार (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से गहने, चार मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि 28 सितंबर को मोहन गार्डन निवासी शिव लाल ने घर से गहने व नकदी चोरी की शिकायत दी थी। जांच में पता चला कि उत्तम नगर, बिंदापुर, डाबरी और मोहन गार्डन में इसी तरह की कई चोरियां हुई थीं। इंस्पेक्टर विवेक मंडोला की टीम ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान की और उसे उत्तम नगर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, संजीत नशे का आदी है। लत के कारण परिवार ने घर से निकाल दिया और नौकरी भी चली गई। इसके बाद उसने अपने साथी कपिल के साथ मिलकर करीब 15 घरों में चोरी की। तलाशी में सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, बिछिया और चार मोबाइल फोन बरामद हुए। संजीत पर पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। उसने कबूल किया कि चोरी के बाद कुछ गहने अपने साथी कपिल को दे दिए थे। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।