नूंह जिले के तावडू शहर में सोहना रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब पुलिस की घेराबंदी को तोड़ते हुए एक स्कॉर्पियो सवार युवक तेज रफ्तार में फरार हो गया। इस दौरान दो मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं और एक 15 वर्षीय युवक घायल हो गया। घटना का अब सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें पुलिस द्वारा आगे-पीछे से घेराबंदी किए जाने के बावजूद स्कॉर्पियो चालक को टक्कर मारते हुए भागते देखा जा सकता है। घायल युवक को तावडू के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई चोरी की गाड़ी से जुड़े मामले में की जा रही थी। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश और कार्रवाई जारी है।