नूंह जिले के कस्बा पिनगवां के ढाणा मोड़ पर बुधवार देर रात एक परचून की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार मुस्तकीम ने बताया कि दुकान में करीब 20 लाख रुपये का सामान रखा हुआ था। इसके अलावा करीब ढाई लाख रुपये की नकदी भी दुकान के अंदर मौजूद थी, जो आग में पूरी तरह जल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।