फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव रावली में एक बिजली का खंभा मकान पर गिर जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि खंभा गिरने के बावजूद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति उसी स्थिति में जारी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त खंभे को नहीं हटाया गया और नया खंभा नहीं लगाया गया तो किसी भी समय जनहानि या संपत्ति का बड़ा नुकसान हो सकता है।