जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला नूंह में युवाओं को खेलों संबंधी अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए सरकार व जिला प्रशासन कई परियोजनाओं पर कार्य कर रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों की प्रतिभा को और तराशा जा सके, ताकि वे राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों में आसानी से पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने के लिए गांव ऊंटका व मरोड़ा में करीब 17 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है, जिसके लिए दोनों ग्राम पंचायतों ने प्रस्ताव दिए हैं। संभावना है कि इस स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित मेवात विकास बोर्ड की बैठक में रेडियो मेवात के पास स्थित जगह पर 4000 वर्ग गज क्षेत्र में एक आधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने पर निर्णय लिया गया है, जिसकी डिजाइनिंग का कार्य अंतिम चरण में है। इसमें 3 बैडमिंटन कोर्ट, 4 टेबल के साथ टेबल टेनिस एक्सीलेंस सेंटर, इनडोर गेम्स व पिस्टल शूटिंग रेंज, योगा व एरोबिक्स हॉल व एक आधुनिक जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।