बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की अप्रत्याशित और महत्वपूर्ण जीत का जश्न शुक्रवार को नूंह में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया। सुबह से एनडीए के पक्ष में रुझान आते ही कार्यकर्ताओं का कार्यालय में जमावड़ा शुरु हो गया और पल-पल की अपडेट कार्यालय में बैठकर एक-दूसरे के साथ जोश से साझा करते रहे। जल्द ही यह उत्सव स्थल रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी, ढोल-नगाड़ों की थाप और विजय गीतों की गूंज से सराबोर हो उठा। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मिलकर मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। इस अवसर पर महामंत्री रमेश मानूवास, हेमराज शर्मा, बीरपाल कालियाका, मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी, मुनेश फौजी, सोनू नागपाल, थान सिंह कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए जीत की खुशी साझा की। पार्टी कार्यालय में उत्साह का आलम इतना था कि माहौल पूरी तरह उत्सव में तब्दील हो गया।