केजरीवाल ने कहा, भगवान ने दिया पुजारी और संत वर्ग की सेवा करने का मौका
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भाजपा के मंदिर प्रकोष्ठ को छोड़कर कई पुजारी और संत बुधवार को आप की सनातन सेवा समिति में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से आए संतों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी, योगेश्वराचार्य महाराज, जगदगुरु स्वामी अवधेश प्रपन्नाचार्य महाराज, आचार्य मधुर दास महाराज सहित कई संत पार्टी से जुड़े हैं। भाजपा ने अपने मंदिर प्रकोष्ठ से जुड़े पुजारियों और संतों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन आप जो कहती है, वह करती है। ऊपरवाला यह तय करता है कि किससे क्या काम करवाना है। पुजारी और संत लोगों और भगवान के बीच में एक सेतु का काम करते हैं। इनकी सेवा करने का मौका हमें मिला। चुनाव के बाद पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना को लागू करेंगे। इसमें सभी संतों, पुजारियों का मार्गदर्शन रहेगा। मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल पर भगवान श्रीराम व हनुमान की बड़ी कृपा है। वहीं, विजय शर्मा ने कहा कि हम कई साल से संघर्षरत थे कि दिल्ली के पुजारियों को मानदेय मिलना चाहिए। अब केजरीवाल ने पुजारियों को प्रतिमाह 18 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा कर दी है। राशि कैसे मिलेगी, इसके लिए केजरीवाल से मिले तो उन्होंने कहा कि वे सनातन सेवा समिति बना रहे हैं। समिति फैसला करेगी कि सम्मान राशि कैसे देनी है।
योजना को लेकर हुई केजरीवाल से बात
अंतरराष्ट्रीय कथा वक्ता आचार्य मधुरदास महाराज ने कहा कि सनातन सेवा समिति को लेकर केजरीवाल के साथ बातचीत हुई थी। केजरीवाल ने कहा था कि सरकार मानदेय देगी और योजना को हम कैबिनेट में पास करेंगे। राजस्व के लिए केजरीवाल ने कहा कि हम सनातन, मंदिर, ब्राह्मणों के लिए जो दान करेंगे, वह हमारे पास डेढ़ गुना लौटकर आएगा। जगतगुरु रामानुजाचार्य स्वामी ने कहा कि जो सनातन धर्म के लिए काम करेगा, शरीर उसके साथ चलेगा।