औरंगाबाद। गांव पिपाला में विवाहिता की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि ससुरालीजन आए दिन दहेज के लिए विवाहिता को परेशान करते थे।
जिला मथुरा के थाना माठ क्षेत्र के गांव जावरा निवासी सतवीर चौधरी ने बताया कि उनकी 23 वर्षीय बेटी निशा की शादी एक साल पहले गांव पिपाला निवासी सतवीर से हुई थी। आरोप है कि सोमवार रात को सतवीर और निशा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके चलते निशा को जहर दे दिया गया है। ससुरालीजन उसे लेकर निजी अस्पताल में गए। अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार देर रात करीब 11 बजे निशा की मौत हो गई। इसके बाद परिजन अस्पताल से निशा का शव लेकर गांव आ गए। निशा की शादी कराने वाले बिचौलिए ने रात में उसके परिजनों को सूचना दी। मंगलवार तड़के निशा के परिजन गांव पिपाला पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने महिला के पति को भी हिरासत में लिया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने शिकायत नहीं दी है।
एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विवाहिता की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। प्रकरण की जांच और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।