विकासनगर। शहर में अब जनप्रतिनिधियों के घर भी चोरों से सुरक्षित नहीं है। पूर्व पालिकाध्यक्ष के घर से चोर उनके पोते की 22 हजार की फोल्डिंग साइकिल चोरी कर ले गया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पूर्व पालिकाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में पूर्व पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा का आवास है। तीन जनवरी को उनके घर से एक फोल्डिंग साइकिल चोरी हो गई। चोरी की घटना रात करीब आठ बजे की है। तब, परिवार घर के भीतर ही मौजूद था। पूर्व पालिकाध्यक्ष की सूचना पर पुलिस टीम ने आवास का मौका मुआयना किया था। सीसीटीवी कैमरा की फुटेज में एक व्यक्ति घर के मुख्य द्वार से भीतर आते हुए और फोल्डिंग साइकिल को ले जाते हुए नजर आया था। रविवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया की चोर की तलाश की जा रही है। संवाद