कोंडागांव में कथित “एपस्टीन फाइल” में नाम आने के आरोप को लेकर कोंडागांव में महिला कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमा देवांगन के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से रैली निकाली गई, जो नारेबाजी करते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री का नाम जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में सामने आया है। उनका दावा है कि वर्ष 2014 से 2017 के बीच कथित रूप से कई बार मुलाकात और ईमेल संवाद हुआ। महिला कांग्रेस ने कहा कि एपस्टीन एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के शोषण जैसे गंभीर आरोप सिद्ध हुए थे। ऐसे व्यक्ति से किसी भी सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति के संबंधों के आरोप अत्यंत गंभीर हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विश्व के कई देशों में एपस्टीन प्रकरण से जुड़े नाम सामने आने पर सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़े हैं। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय मंत्री नैतिक आधार पर इस्तीफा दें या फिर केंद्र सरकार इस पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लाम्बा और प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम के निर्देश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में और उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे। फिलहाल केंद्रीय मंत्री या भाजपा की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।