बलरामपुर कुसमी विकासखंड के ग्राम पंचायत सेरंगदाग स्थित बालाजी मार्बल एंड टाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कंपनी के श्रमिकों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन और चक्का जाम की चेतावनी दी है। श्रमिकों का आरोप है कि खनन कार्य प्रारंभ होने से पूर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुसमी व जनप्रतिनिधियों के साथ स्पष्ट समझौता हुआ था कि स्थानीय श्रमिकों को ही रोजगार दिया जाएगा, उन्हें EPF, मेडिकल, बीमा, छुट्टी जैसी सभी कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, लेकिन कंपनी द्वारा वादाखिलाफी की जा रही है। श्रमिकों का कहना है कि कंपनी को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ई-नीलामी के माध्यम से 257 हेक्टेयर क्षेत्र में बॉक्साइट खनन की लीज प्रदान की गई थी, लेकिन काम शुरू होने के बाद से ही स्थानीय स्टाफ के साथ शोषण जैसा व्यवहार किया जा रहा है। श्रमिकों ने बताया कि बाहरी कर्मचारियों को लाकर नियुक्त किया गया है, जबकि स्थानीय युवा बेरोजगार बैठे हैं। श्रमिकों ने कंपनी के खनन एजेंट व डायरेक्टर के नाम लिखित आवेदन देकर 3 दिवस की मोहलत दी थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक कोई उत्तर या कार्रवाई नहीं की गई। इसके विरोध में सभी कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का निर्णय लिया है। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कुसमी को पूर्व सूचना देकर अनुमति मांगी गई है, साथ ही कंपनी एवं थाना सामरी को भी इसकी प्रतिलिपि प्रेषित की गई गई।