छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर मचे बवाल के बीच बजरंग दल के कार्यकर्ता आज शनिवार को तेलीबांधा थाना पहुंचकर सामूहिक रूप से गिरफ्तारी देने पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए तेलीबांधा थाना परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। मामले में रायपुर ग्रामीण एएसपी कीर्तन राठौर ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी देने वालों में वे लोग भी शामिल हैं, जिन पर रायपुर बंद के दौरान मालवीय रोड और अन्य इलाकों में उपद्रव, तोड़फोड़ और हंगामा करने के आरोप हैं। इस मामले में तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पहले से ही अपराध दर्ज किया जा चुका है। इस गिरफ्तारी को संगठन का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है।