Raipur Murder case; Raipur suitcase murder case; पिछले दिनों 23 जून को रायपुर के इंद्रप्रस्थ एरिया में सूटकेस मर्डर केस मामले में रायपुर एसएसपी लाल उमेद सिंह ने अहम खुलासा किया है। युवक की हत्या मामले में एक दंपती को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दंपती घटना को अंजाम देने के बाद प्लेन से दिल्ली भाग गए थे। दिल्ली पुलिस और सीआईएसएफ ने दोनों को हिरासत में लिया है। उन्हें लाने के लिये रायपुर से पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हुई है। गिरफ्तार दंपती की पहचान अंकित उपाध्याय और शिवानी शर्मा के रुप में हुई है, जो रिटायर्ड एएसआई के बहू-बेटे बताये जा रहे हैं। हालांकि मामले का अभी पूरी तरह से खुलासा नहीं हुआ है। आरोपियों के साथ अन्य संदेहियों की भी पड़ताल में पुलिस जुटी है। बताया जा रहा है कि करीब चार से पांच लोग इस हत्याकांड में शामिल हैं। आरोपी पेशे से वकील बताये जा रहे हैं। मामले में पैसे की लेन-देन को लेकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। आरोपियों को जल्द ही रायपुर लाया जायेगा। इसके बाद पूरी तरह से मामले का खुलासा किया जायेगा।