एनएसयूआई ने नारायणपुर जिले के स्थानीय युवाओं को आरक्षक भर्ती में अवसर न मिलने के विरोध में सैकड़ों युवाओं के साथ नारायणपुर से कोंडागांव तक करीब 52 किलोमीटर लंबा पैदल मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजय सलाम ने किया तथा कोंडागांव पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया निरस्त कर पुनः स्थानीय युवाओं के लिए शुरू करने की मांग की। एनएसयूआई का आरोप है कि नारायणपुर के 470 पदों में केवल 7 स्थानीय युवाओं का चयन हुआ, जबकि भाजपा सरकार आउटसोर्सिंग से अन्य राज्यों के युवाओं को नौकरियां दे रही है। कांग्रेस शासन की ‘बस्तर फाइटर’ योजना की तुलना कर उन्होंने स्थानीय आदिवासी युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।