राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने नई तकनीक का सहारा लिया है। विशेष अभियान 'ऑपरेशन कालचक्र' के तहत अब संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी शुरू कर दी गई है। नॉर्थ जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों—खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह में पुलिस टीमों ने अड्डेबाजी वाले स्थानों, संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर ड्रोन से नजर रखना शुरू किया है। पुलिस के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य चाकूबाजी, गुंडागर्दी, निगरानी बदमाशों और फरार वारंटियों पर कड़ी नजर रखना है। ड्रोन सर्विलांस के साथ-साथ पुलिस द्वारा पैदल पेट्रोलिंग भी लगातार की जा रही है, ताकि जमीनी स्तर पर भी निगरानी बनी रहे।