फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौत से पहले लाइव वीडियो: कोरबा में मैकेनिक ने वीडियो बनाकर दी जान, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा Updated Fri, 13 Mar 2026 09:57 PM IST

कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी का एक वीडियो सामने आया है, जहां एक युवक ने मौत से पहले अपना लाइव वीडियो बनाकर उसे अपने दोस्तों को भेज दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

युवक ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया था। वीडियो में वह कह रहा है कि उसे घरवालों से कोई परेशानी नहीं है, बल्कि पंतोरा थाना पुलिस ने फोन कर उसके साथ गाली-गलौज किया और थाने बुलाया है। उसने कहा कि इतनी गाली-गलौज के बाद अगर वह थाने जाएगा तो उसके साथ क्या होगा।

बताया जा रहा है कि 21 वर्षीय सनत कश्यप, पिता धनीराम कश्यप, जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव का निवासी था। वह उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी के पास अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक का काम करता था। कंपनी की ओर से उसे वहीं रहने के लिए कमरा दिया गया था, जहां एक कमरे में दो लोग साथ रहते थे। उसका रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले, जो पहरिया गांव का रहने वाला है, शुक्रवार को गेवरा में रहने वाली एक युवती को लेकर फरार हो गया था। इसकी शिकायत पंतोरा थाना में दर्ज कराई गई थी।

युवक और युवती की तलाश पुलिस कर रही थी। इसी दौरान शुक्रवार सुबह पंतोरा पुलिस ने युवक के रिश्तेदार अमन पटले के नंबर से सनत कश्यप से फोन पर बात की। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक पर दोनों को भगाने का आरोप लगाते हुए उसके साथ गाली-गलौज की गई।

सनत ने अपने बनाए वीडियो में कहा है कि घरवालों की तरफ से उसे कोई टेंशन नहीं है, लेकिन पंतोरा थाना के पुलिसकर्मी उसे गाली दे रहे हैं और थाने बुला रहे हैं। उसने कहा कि जब उसने कुछ किया ही नहीं, तो उसे इतनी गालियां क्यों दी जा रही हैं। उसने यह भी कहा कि वह बहुत तनाव में है और धीरेंद्र को भगाने में उसका कोई हाथ नहीं है। इसके बाद सनत कश्यप ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

मृतक अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन कोरबा पहुंच गए। परिवार में शोक का माहौल है। वहीं इस घटना के बाद निचले स्तर के पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें