कबीरधाम जिले में धान खरीदी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे व यहां जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि धान खरीदी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने में अब मात्र 3 दिन शेष हैं, लेकिन अब तक 5 से 7 हजार किसानों की धान नहीं खरीदी गई है। यह स्थिति भाजपा सरकार की पूर्ण विफलता व प्रशासनिक अराजकता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि टोकन की समस्या, खरीदी लिमिट में कटौती और जानबूझकर प्रक्रिया को धीमा रखना किसानों के साथ अन्याय है। भाजपा नेता कई मंच से किसान हितैषी होने का ढोंग करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि किसान अपनी मेहनत की उपज बेचने के लिए खरीदी केंद्र के चक्कर काटने को मजबूर है। कई किसानों के टोकन आज तक नहीं कटे हैं, जिससे वे आर्थिक व मानसिक संकट में फंस गए हैं। यदि समय रहते धान खरीदी की तारीख नहीं बढ़ाई गई और सभी किसानों की धान खरीदी नहीं की गई, तो इसका जिम्मेदार भाजपा शासन है। कांग्रेस किसानों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि चंद्रवंशी ने कहा कि धान खरीदी को लेकर शुरुआत से ही ध्यान नहीं दिया गया। शुरू से धान बेचने टोकन की समस्या रही। सरकार के गलत नीतियों के कारण किसान कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। भाजपा सरकार को तत्काल ठोस निर्णय लेना होगा। भाजपा सरकार केवल आंकड़ों व कागजी घोषणाओं में व्यस्त है। वास्तविकता यह है कि हजारों किसान आज भी अपनी धान बेचने से वंचित हैं।