कबीरधाम l
आज बुधवार को कबीरधाम पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। डीएसपी भूपत सिंह ने बताया कि 12 जनवरी को थाना पंडरिया अंतर्गत ग्राम लिंहाईपुर निवासी सरोजनी बंजारे पति दीप सागर बंजारे उम्र 31 वर्ष की मृत्यु की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मृतिका को परिजनों द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मृतिका की मृत्यु गला दबाने से हुई है, जो हत्या की श्रेणी में आता है। गंभीर प्रकृति के इस अपराध को देखते हुए थाना प्रभारी पंडरिया नितिन कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।विवेचना के दौरान मृतिका के पति व ससुर को पूछताछ के लिए थाना लाया गया। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने व उपलब्ध पारिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतिका के पति आरोपी दीप सागर बंजारे पिता लक्ष्मण बंजारे द्वारा घरेलू विवाद के कारण अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया।आरोपी दीप सागर बंजारे को आज 14 जनवरी बुधवार को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।कबीरधाम पुलिस द्वारा महिला अपराधों व गंभीर प्रकरणों में त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई कर आम नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास बनाए रखने निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।